शुक्रवार, 21 अक्तूबर 2011

15 दिन बाद मारुति हड़ताल खत्म

मारुति और सुजुकी के मानेसर प्लांट में पिछले 15 दिनों से जारी कर्मचारियों की हड़ताल ख़त्म हो गई...हरियाणा सरकार की मध्यस्थता में कर्मचारियों और कंपनी मैनेजमेंट के बीच समझौता हो गया है...जिसके तहत मैनेजमेंट 64 स्थाई कर्मचारियों और 1200 अस्थाई कर्मचारियों को काम पर वापस रखेगा।

मारुति कंपनी प्रबंधन, कर्मचारी और हरियाणा सरकार के बीच एक त्रिपक्षीय समझौते के बाद मारुति और सुजुकी के कर्मचारियों की 15 दिन तक खिंची हड़ताल खत्म हो चुकी है। समझौते के मुताबिक मैनेजमेंट सस्पेंड किए गए 64 स्थाई कर्मचारियों को वापस लेने पर सहमत हो गया। लेकिन मारुति सुजुकी के मानेसर प्लांट के 30 कर्मचारियों और सुजुकी पावरट्रेन के 3 कर्मचारियों का निलंबन जारी रहेगा।

मारुति सुजुकी के मैनेजमेंट ने 1200 अस्थाई कर्मचारियों को बहाल करने की बात भी स्वीकार कर ली है। समझौते के मुताबिक़ कर्मचारियों को हड़ताल के दौरान काम नहीं करने पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके अलावा शिकायतों को दूर करने के लिए और श्रम कल्याण के लिए दो समितियों का गठन करने पर भी सहमति बनी है ताकि प्लांट में मैत्रीपूर्ण कार्य का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। पिछले पांच महीनों में तीसरी बार कर्मचारी हड़ताल पर थे। हालांकि जानकारों का मानना है कि पिछली बार की तरह इसबार भी पूरी तरह बात नहीं बनी है। क्योंकि सुजुकी के दो प्लांट के 33 कर्मचारी अभी भी सस्पेंड हैं। ऐसे में अगर फिर कंपनी अपने वायदे से मुकरती है तो उसे एकबार फिर से हड़ताल का सामना करना पड़ सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं: